औरंगाबाद: नक्सलियों के मंसूबों पर फिरा पानी, सर्च ऑपरेशन में एक आईईडी बरामद 

औरंगाबाद: सीआरपीएफ के गश्ती दस्ते को आईईडी से उड़ाने की नक्सलियों की साजिश नाकाम रही. औरंगाबाद जिले में नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों के द्वारा द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त सर्च ऑपरेशन में मदनपुर थाना क्षेत्र के पिछुलिया गोचरदाहा पहाड़ी क्षेत्र से एक शक्तिशाली प्रेशर आइईडी बरामद किया गया.

सुरक्षा बलों के आने की भनक लगते ही नक्सली फरार हो गए. इसके बाद बम निरोधक टीम के द्वारा प्रेशर आईईडी को डिफ्यूज कर दिया गया. जानकारी देते हुए मदनपुर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों के द्वारा लगातार एंटी नक्सल अभियान चलाया जा रहा हैं.

इसी क्रम में सर्च ऑपरेशन में एक शक्तिशाली प्रेशर आईईडी बरामद किया गया. बरामदगी के पश्चात जंगल में ही डिफ्यूज कर दिया गया. उन्होंने बताया कि जंगल में नक्सलियों द्वारा प्रेशर आईईडी लगाया गया था ताकि सर्च ऑपरेशन पर निकलने वाले जवान इसकी चपेट में आ सकें.

प्रेशर आईईडी पर निर्धारित वजन पड़ते ही यह खुद ब खुद विस्फोट कर जाता है. इससे उक्त व्यक्ति के चिथड़े उड़ सकते हैं. इस कार्रवाई से नक्सलीयों का मनोबल काफी गिरा हुआ है एवं नक्सली गतिविधि पर अंकुश लगाये जाने हेतु लगातार छापामारी अभियान जारी है.

close