औरंगाबाद: शातिर बदमाश के घर पर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, नाम बदल कर चोरी की घटनाओं को देता था अंजाम 

औरंगाबाद: झारखंड राज्य के धनबाद जिला अंतर्गत बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 228/2024 एवं 236/2024 के अप्राथमिकी अभियुक्त रति रंजन कुमार सिंह उर्फ राजू उर्फ रति सिंह उर्फ रति रंजन के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके आवास पर न्यायालय से निर्गत इश्तेहार चिपकाया है. यह कार्रवाई धनबाद जिला अंतर्गत बरवाअड्डा थाना के एएसआई रंजीत साह गोंड द्वारा औरंगाबाद नगर थाना के सहयोग से विधिवत की गई है.

एएसआई रंजीत साह गोंड ने बताया कि बरवाअड्डा थाना कांड संख्या- 228/2024 एवं 236/2024 की धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामलों में अभियुक्त रति रंजन कुमार सिंह को नामजद किया गया है. उस पर वाहन और बोलेरो चोरी में संलिप्त होने का आरोप है. पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद से ही अभियुक्त फरार चल रहा है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था. वह नगर थाना क्षेत्र के शाहपुर रोड स्थित ठाकुरबाड़ी मुहल्ला का निवासी है और सुरेश सिंह का पुत्र है. वह अपने क्षेत्र में विभिन्न नामों रति रंजन कुमार सिंह, रति सिंह एवं राजू से जाना जाता है. वह कई नाम बदलकर चोरी की घटना को अंजाम देता था.

मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद न्यायालय से 9 फरवरी 2026 को अभियुक्त के विरुद्ध इश्तेहार निर्गत किया गया था. न्यायालय के आदेश के आलोक में बरवाअड्डा थाना के एएसआई रंजीत साह गोंड के नेतृत्व में पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची. वहां नगर थाना की टीम के सहयोग से शनिवार को अभियुक्त के घर पर विधिवत कार्रवाई की गई. न्यायालय से प्राप्त इश्तेहार को अभियुक्त के घर के मुख्य दरवाजे पर चिपकाकर तामील किया गया. इस दौरान पूरी प्रक्रिया का पालन किया गया ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी त्रुटि न हो.

एएसआई रंजीत साह गोंड ने बताया कि इश्तेहार तामील किए जाने के बाद भी यदि अभियुक्त निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई, जैसे कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया, आरंभ की जा सकती है. यह भी स्पष्ट किया कि वाहन चोरी जैसे मामलों में किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा और फरार अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे. नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि आरोपित के खिलाफ धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना में चोरी के अरोप में प्राथमिकी दर्ज था. बरवाअड्डा थाना की टीम आयी और नगर थाना के सहयोग से इश्तेहार चिपकाया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com