औरंगाबाद: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

औरंगाबाद: जम्होर थाना क्षेत्र के शंकरपुर ओवर ब्रिज पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कर्मा रोड पकहा गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश यादव के 20 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है.
सदर अस्पताल में परिजनों ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के घर से वापस घर लौट रहा था. जैसे ही शंकरपुर ओवर ब्रिज पर पहुंचा कि अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर जम्होर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सुमित कुमार पंडित दलबल के साथ पहुंचे और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया.
जहां चिकित्सक में जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया. मृतक की मां अस्पताल में पछाड़ खाकर गिर पड़ी. साथ रहे लोगों ने समझा बूझकर शांत कराया. पुलिस ने मृतक का मोबाइल परिजनों के हवाले कर दिया.
सूचना पर पहुंची नगर थाना की पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया. परिजनों ने मृतक के आश्रितों के लिए सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजे की मांग की है. सदर अस्पताल में परिजनों ने बताया कि मृतक की पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था, जिसमें तीन बहनों की शादी हो चुकी है और दो अभी अविवाहित हैं. परिजनों ने बताया कि 27 अप्रैल को मृतक का तिलक और 30 अप्रैल को बारात था.
वह ऑटो चला कर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करता था, प्रदीप की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया. ऐसे में अब परिजनों के लिए जीविकोपार्जन की समस्या उत्पन्न हो गई.