बहराइच : तेज रफ्तार का कहर! पिकअप-बाइक टक्कर में 12 साल के बच्चे समेत 3 की मौत

उत्तर प्रदेश : बहराइच में रविवार देर रात एक पिकअप वाहन और मोटर साइकिल की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई.

बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. आगेया गांव के पास एसएसबी कैंप के नजदीक बाइक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

बेकाबू पिकअप की चपेट में आए बाइक सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा देर रात उस समय हुआ जब तेज रफ्तार पिकअप का अचानक टायर फट गया. नियंत्रण खोने के बाद वाहन सीधे सामने से आ रही बाइक से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पिकअप वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा.

मृतकों की हुई शिनाख्त
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नानपारा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान नानपारा निवासी शिवा, बरसाती और मनीराम के रूप में हुई है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

सीएम योगी ने हादसे पर संज्ञान लिया

इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए. साथ ही घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके

close
Virus-free.www.avast.com