BAN vs NZ: पाकिस्तान के बाद न्यूजीलैंड का शिकार, नाहिद राणा के तूफान से बांग्लादेश की जीत

BAN vs NZ: पाकिस्तान के बाद न्यूजीलैंड का शिकार, नाहिद राणा के तूफान से बांग्लादेश की जीत

करीब 40 दिन और 5 मैच के अंदर दूसरी बार बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने अपने घातक स्पैल से टीम को जीत दिला दी. लंबे कद के बांग्लादेशी पेसर का शिकार इस बार बनी न्यूजीलैंड की टीम, जिसे दूसरे वनडे मैच में मेजबान बांग्लादेश के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. मार्च में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच में 5 विकेट लेने के बाद नाहिद ने यही कमाल न्यूजीलैंड के खिलाफ दोहराया, जिसके बाद बांग्लादेश ने 87 गेंद पहले जीत हासिल कर ली.

मीरपुर में सोमवार 20 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश के सामने बड़ी चुनौती थी. टीम को पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. इसके चलते इस मैच में बांग्लादेश को हर हाल में जीत की जरूरत थी, नहीं तो अपने ही घर में उसके हाथ से सीरीज निकल जाती. मगर बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने ऐसा नहीं होने दिया और इसकी अगुवाई की युवा पेसर नाहिद ने.

नाहिद ने न्यूजीलैंड को रुलाया

पाकिस्तान के खिलाफ 11 मार्च को 5 विकेट लेकर नाहिद राणा ने बांग्लादेश को जिताया था. एक बार फिर वही कमाल उन्होंने दिखाया और न्यूजीलैंड की आधी बैटिंग लाइन-अप को अकेले ही ध्वस्त कर दिया. नाहिद ने 10 ओवर में सिर्फ 32 रन देकर 5 विकेट लिए, जिसके चलते न्यूजीलैंड की पूरी टीम सिर्फ 198 रन पर ढेर हो गई. नाहिद के अलावा तस्कीन अहमद ने 1 और शोरीफुल इस्लामल ने भी 2 विकेट लिए. न्यूजीलैंड के लिए ओपनर निक कैली ही अकेले डटे रहे, जिन्होंने 83 रन की दमदार पारी खेली.

तंजीद-शांतो की शतकीय साझेदारी से जीत

हालांकि बांग्लादेश की स्थिति भी शुरुआत में अच्छी नहीं थी और उसने सिर्फ 21 रन पर 2 विकेट खो दिए थे. मगर ऐसे वक्त में विस्फोटक ओपनर तंजीद हसन (76) और पूर्व कप्तान नजमुल होसैन शांतो (50 रिटायर्ट हर्ट) ने टीम को बिखरने से बचाया. दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी कर जीत लगभग पक्की कर दी थी. इसके बाद तो तौहीद हृदॉय ने तेजी से 30 रन बटोरकर टीम को 35.3 ओवर में 199 रन तक पहुंचाकर जीत दिलाई और सीरीज में 1-1 की बराबरी करवा दी.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com