BAN vs NZ ODI: न्यूजीलैंड की ‘B’ टीम को भी नहीं हरा सका बांग्लादेश, घर में ही मिली करारी शिकस्त

BAN vs NZ ODI: न्यूजीलैंड की ‘B’ टीम को भी नहीं हरा सका बांग्लादेश, घर में ही मिली करारी शिकस्त

बांग्लादेश क्रिकेट टीम की हालत भी सुधरने का नाम नहीं ले रही है. स्थिति ये हो गई है कि अब वो अपने घर में ही वनडे मैच हार रही है, वो भी एक ऐसी टीम के खिलाफ, जिसके प्रमुख खिलाड़ी खेलने के लिए उपलब्ध भी नहीं हैं. IPL 2026 और PSL 2026 जैसी टी20 लीग के चलते कई बड़े खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बावजूद न्यूजीलैंड ने पहले वनडे मैच में बांग्लादेश को 26 रन से हरा दिया. मीरपुर में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश 248 रन जैसा लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सकी.

बड़ा स्कोर नहीं बना सकी न्यूजीलैंड

तीन मैच की इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टॉम लैथम की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 247 रन बनाए. उसके लिए अनुभवी ओपनर हेनरी निकोल्स ने सबसे ज्यादा 68 रन बनाए, जबकि अपना दूसरा ही वनडे मैच खेल रहे मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने तेजी से 59 रन की पारी खेली. ये उनका पहला ही अर्धशतक था. हालांकि कप्तान लैथम सिर्फ 14 रन ही बना सके.

कीवी तेज गेंदबाजों ने दहलाया

मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्युसन, मिचेल सैंटनर जैसे गेंदबाजों के बिना न्यूजीलैंड के लिए ये स्कोर डिफेंड करना मुश्किल माना जा रहा था. मगर नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर ने ऐसी किसी भी सोच को ध्वस्त कर दिया. खास तौर पर नाथन स्मिथ ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई, जिनके सामने बांग्लादेश का टॉप ऑर्डर बिखर गया. टीम ने सिर्फ 21 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए थे.

ऐसे में बांग्लादेश के लिए सैफ हसन और लिटन दास ने 93 रन की साझेदारी कर उम्मीद जगाई, जबकि तौहीद हृदॉय ने भी अर्धशतक जमाया. मगर इनके आउट होते ही पूरी टीम 221 रन पर ही ढेर हो गई. स्मिथ ने 3 और टिकनर ने 4 विकेट लिए. वहीं फॉक्सक्रॉफ्ट ने भी एक सफलता हासिल की.

बांग्लादेश पर मंडरा रहा खतरा

इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. अब बांग्लादेश पर घर में वनडे सीरीज हारने का खतरा मंडरा रहा है. बांग्लादेश ने पिछले 10 साल में अपने घर पर सिर्फ 2 वनडे सीरीज गंवाई है और दोनों बार उसे इंग्लैंड ने ही मात दी. ऐसे में अगर उसे अपने दमदार रिकॉर्ड को जारी रखना है तो अगले मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com