दलाल को 5 हजार देकर भारत पहुंचा बांग्लादेशी:दुर्ग में 13 महीने से मजदूरी कर रहा था;बंगाल जाते वक्त पकड़ाया, मुंबई पुलिस साथ ले गई

दुर्ग जिले में शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को जीआरपी पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास पासपोर्ट, वीजा या भारत में रहने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के बाद दुर्ग जीआरपी ने कार्रवाई की। गिरफ्त में आने के बाद अजमीन अलीम शेख (19 साल) ने पुलिस को बताया कि दलाल को 5 हजार देकर वह भारत पहुंचा था।
13 महीने से मजदूरी कर रहा था। गिरफ्तारी की सूचना के बाद छत्तीसगढ़ पहुंची मुंबई पुलिस आरोपी को साथ लेकर लौट गई है।
मुंबई पुलिस से मिला इनपुट
7 नवंबर को मुंबई पुलिस से दुर्ग जीआरपी को सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी नागरिक, जिसके खिलाफ बिना पासपोर्ट और वीजा के मुंबई में रहने का मामला दर्ज है, शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से बंगाल जा रहा है। वहां से वह बांग्लादेश भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही दुर्ग जीआरपी ने सतर्कता बरती और ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचने से पहले प्लेटफॉर्म पर टीम तैनात कर दी। ट्रेन आते ही एस-1 कोच में दबिश दी गई, जहां से संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान अजमीर शेख, निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई। जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने ट्रेन का जनरल टिकट खरीदा था, लेकिन बाद में टीटी से बात कर स्लीपर कोच (एस-1) में सीट बनवा ली थी।
आरोपी के पास से नहीं मिला वैध दस्तावेज
राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अजमीर शेख के पास किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज पासपोर्ट, वीजा या पहचान पत्र नहीं मिला। उसके खिलाफ मुंबई में पहले से एफआईआर दर्ज है। दुर्ग जीआरपी के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने की सूचना मिलने पर मुंबई पुलिस छत्तीसगढ़ पहुंचकर आरोपी को लेकर लौट गई है।
मुंबई पुलिस फ्लाइट से रायपुर पहुंचकर सड़क मार्ग से दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को मुंबई साथ ले गई।
अन्य साथियों की भी तलाश कर रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, अजमीर शेख मुंबई से भागकर कोलकाता के रास्ते बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियों को देखते हुए यह भी संभावना जताई जा रही है कि उसके अन्य साथियों का नेटवर्क भी भारत में सक्रिय हो सकता है। इसको लेकर पुलिस अब खुफिया एजेंसियों से समन्वय में जांच कर रही है।










