बरेली: 50 लाख दहेज की मांग, ससुराल वालों के खिलाफ FIR दर्ज

बरेली: जिले से एक दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जहाँ पीड़ित महिला ने अपने पति ससुर और ननद पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रेमनगर क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और गंभीर शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. पीड़िता का आरोप है कि उसके पति, ससुर और ननद ने न केवल दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया, बल्कि उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी.
शादी के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर
पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 4 फरवरी 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था. शादी के समय मायके वालों ने 10 लाख रुपये नकद, लाखों के जेवर और घरेलू सामान दिया था. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने उसके सारे ‘स्त्रीधन’ और जेवरात सुरक्षित रखने के बहाने अपने कब्जे में ले लिए.
ननद को बेटी गोद देने का दबाव
महिला के अनुसार, जुलाई 2023 में उसने पहली पुत्री को जन्म दिया. इसके बाद ससुराल वालों ने उस पर दबाव बनाना शुरू किया कि वह अपनी बेटी ननद को गोद दे दे. जब महिला ने इसका विरोध किया, तो शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न और अधिक बढ़ गया. हाल ही में नवंबर 2025 में पीड़िता ने दूसरी पुत्री को जन्म दिया है.
50 लाख की मांग और गंभीर आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसकी दूसरी गर्भावस्था के दौरान ससुराल वालों ने 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी. महिला ने ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि होली के दौरान ससुर ने उसके साथ अश्लील हरकत की. पीड़िता के मुताबिक, पति शराब का आदी है और नशे में धुत होकर मारपीट व गाली-गलौज करता है. ससुराल पक्ष ने फरीदाबाद (हरियाणा) स्थित पीड़िता के फ्लैट पर भी कब्जा कर रखा है. पति द्वारा ईमेल और अन्य माध्यमों से तलाक देने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है.
पुलिस की कार्रवाई
प्रेमनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, ससुर और ननद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटा रही है और जांच शुरू कर दी गई है.











