वेट लॉस हो या कब्ज की समस्या, बरसात में भुट्टा खाने से सेहत को मिलते हैं 5 फायदे

बारिश के मौसम में गली के कोने पर भुट्टावाले को देखकर अगर आपके मुंह में भी पानी भर जाता है तो ये खबर आपकी खुशी को डबल कर देगी। जी हां, भुट्टा सिर्फ आपके स्वाद का ही ख्याल नहीं रखता है बल्कि इसे खाने से आपको सेहत से जुड़े कई फायदे भी मिलते हैं। भुट्टे को मकई और स्वीट कॉर्न के नाम से भी जाना जाता है। स्वीट कॉर्न में विटामिन ए, बी, ई खनिज और एंटीऑक्सीडेंट के साथ फाइबर और फाइटोकेमिकल्स भी मौजूद होते हैं। जो पाचन को बेहतर बनाए रखकर कई रोगों से बचाव करने में मदद करते हैं। अगर आप भी बरसात के मौसम में भुट्टा खाना पसंद करते हैं तो सिर्फ स्वाद नहीं इसके फायदे भी जान लें।
बरसात में भुट्टा खाने से सेहत को मिलते हैं ये 5 फायदे
कब्ज
बरसात के मौसम में अकसर कई लोग कब्ज की समस्या से परेशान रहते हैं। अगर आपको भी कब्ज की समस्या बनी रहती है तो आप अपनी डाइट में भुट्टा शामिल करना शुरू कर दीजिए। भुट्टे में मौजूद फाइबर कोलन में फंसे भोजन को साफ करने में मदद करता है। जिससे कब्ज, गैस, एसिडिटी की समस्या को दूर करने में मदद मिलती है। कई शोध बताते हैं कि मकई बड़ी आंत में स्वस्थ बैक्टीरिया के उत्पादन में भी मदद कर सकती है।
वेट लॉस
अगर आप अपने बढ़ते वजन को कंट्रोल करने के लिए कोई असरदार उपाय खोज रहे हैं तो सबसे पहले अपनी डाइट में भुट्टे को शामिल कर लें। भुट्टे में कैलोरी काउंट कम होने के साथ यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखने का अहसास करवाता है। जिससे व्यक्ति ओवर ईटिंग करने से बच जाता है। जो वेट लॉस में फायदेमंद है।
कोलेस्ट्रॉल रखें कंट्रोल
भुट्टे में घुलनशील और अघुलनशील दोनों प्रकार के फाइबर पाए जाते हैं। घुलनशील फाइबर, आंतों में जेल बनाकर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करता है, जिससे धमनियों में प्लाक जमने की संभावना कम हो जाती है।
इम्यूनिटी
बारिश के मौसम में इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है। ऐसे में भुट्टे का सेवन आपकी इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद कर सकता है। स्वीट कॉर्न में मौजूद पोषक तत्व, जैसे विटामिन ए, बी, और ई, साथ ही एंटीऑक्सिडेंट, प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं।
त्वचा के लिए फायदेमंद
स्वीट कॉर्न त्वचा के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें मौजूद विटामिन ए, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।











