मरवाही वन परिक्षेत्र में भालू का हमला: महिला गंभीर रूप से घायल, सिर और पैर में लगी चोटें

गौरेला पेंड्रा मरवाही : मरवाही वन परिक्षेत्र के दानीकुड़ी मगुरदा इलाके में महिला पर भालू ने हमला कर दिया.इस हमले में सिलपहरी गांव निवासी मीराबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं.घटना बरटोला जंगल के पास हुई. दरअसल मीराबाई पर देर शाम एक भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.हमले में महिला के सिर और पैर में गहरी चोटें आई हैं.
जानकारी के अनुसार, मीरा बाई मरवाही से लौट कर अपनी नानी के घर जा रही थीं.तभी रास्ते में अचानक भालू ने महिला पर हमला किया.महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और शोर मचाकर भालू को खदेड़ दिया.वही भालू के हमले की सूचना मिलने के बाद भी घंटों तक एम्बुलेंस और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे.
घायल महिला को काफी देर तक मदद का इंतजार करना पड़ा। कई घंटों बाद 112 और 108 की टीम के साथ वन विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे.जिसके बाद घायल मीराबाई को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.











