पिता के अंतिम संस्कार में जा रहे बेटे पर मधुमक्खियों का हमला, 5 घायल; एक की हालत गंभीर

इटावा: जनपद के बकेवर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई. पिता के अंतिम संस्कार के लिए जा रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. इस हमले में मृतक के बेटे समेत पांच लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार, बकेवर क्षेत्र के रजपुरा गांव निवासी 19 वर्षीय लवकुश, पुत्र स्वर्गीय उपेन्द्र सिंह, अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों और ग्रामीणों के साथ चकरनगर रोड स्थित टकरूपुरा घाट जा रहा था. बताया गया है कि उपेन्द्र सिंह की शुक्रवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. शनिवार दोपहर करीब 1 बजे परिजन ट्रॉली में बैठकर अंतिम संस्कार के लिए घाट की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने ट्रॉली में बैठे लोगों पर हमला कर दिया.

मधुमक्खियों के हमले से ट्रॉली में बैठे लोग घबरा गए और बचने के लिए भागने लगे. इस दौरान लवकुश समेत पांच लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया.
डॉक्टरों के अनुसार लवकुश की हालत उपचार के दौरान ज्यादा खराब होने लगी, जिसके बाद उसे गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू कर दिया गया और करीब साढ़े तीन बजे उसे भर्ती कर लिया गया.

लवकुश के चचेरे भाई अंकित ने बताया कि लवकुश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है. पिता की मौत से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था. ऐसे में अंतिम संस्कार के दौरान हुई इस अप्रत्याशित घटना ने परिवार और गांव के लोगों को और भी चिंतित कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में भी इसको लेकर चर्चा बनी हुई.

close