होली से पहले मिठाइयों और डेयरी की जांच, दूध-पनीर-खोवा के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे

मैहर/सतना/अमरपाटन: होली पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है. त्योहार के दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की खपत बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को ध्यान में रखते हुए मैहर, सतना और अमरपाटन में एक साथ कार्रवाई की गई. विभाग की अलग-अलग टीमों ने प्रमुख मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजा गया है.

टिकुरिया टोला में वैष्णवी स्वीट्स की जांच

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह और सीमा पटेल ने सतना शहर के टिकुरिया टोला स्थित वैष्णवी स्वीट्स का निरीक्षण किया. यहां से बेसन, मगज लड्डू और मोतीचूर लड्डू के नमूने लिए गए. निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर गंदगी पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए.

मैहर में बीकानेर एक्सप्रेस से पेड़ा-बर्फी के नमूने

मैहर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौड़ ने कार्रवाई करते हुए बीकानेर एक्सप्रेस प्रतिष्ठान से सफेद पेड़ा, लाल पेड़ा और बर्फी के सैंपल लिए. अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के समय इन मिठाइयों की मांग अधिक रहती है, इसलिए विशेष रूप से जांच की जा रही है.

शिव रेस्टोरेंट और ओम साईं डेयरी की भी जांच

मैहर में शिव रेस्टोरेंट से खोया, मिल्क केक और कलाकंद के नमूने लिए गए, जबकि ओम साईं डेयरी से दूध, पनीर और खोवा के सैंपल जांच के लिए भेजे गए. अमरपाटन में भी कार्रवाई करते हुए मां डेयरी से पनीर और खोया तथा महक स्वीट्स से लड्डू के नमूने लिए गए. जिले भर से लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूनों को भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां विशेषज्ञ उनकी गुणवत्ता और शुद्धता की जांच करेंगे। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मिलावट पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे बड़े त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. जांच में मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके.

close