भोपाल: 58 हजार का बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने पहुंची टीम पर हमला, दो पर FIR

भोपाल। शाजहांनाबाद इलाके में बिजली कनेक्शन काटने पहुंचे अमले पर बकायादार के बेटों ने हमला कर दिया। बिजली कंपनी ने मामले की शिकायत शाहजहाँनाबाद थाने में दर्ज करवाई थी। मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सुल्तानिया रोड कार्यालय प्रबंधक धनराज सिंह ने पुलिस को बताया कि शर्मा कॉलोनी में रहने वाले अनूप कुमार द्वारा 58 हजार 818 रुपये का बकाया बिजली बिल जमा नहीं किया जा रहा था।
गाली-गलौज, बदसलूकी और पत्थर से वार
इससे गुरुवार को जब अमला कनेक्शन काटते हुए मीटर सर्विस लाइन निकालने पहुंचा, तो अनूप के बेटे मनोज कुमार और यशवंत कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारी जूनियर इंजीनियर के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, लाइन निकालने के दौरान कर्मचारी आदिल के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसके पीठ व सिर पर चोट आई है।
घेराव और पुलिस की दखल के बाद कार्रवाई
इतना ही नहीं, लोगों ने बिजली कर्मचारियों को घेरते हुए हंगामा खड़ा कर दिया, जिससे शाहजहांनाबाद थाना प्रभारी को सूचना दी गई। कुछ देर बाद ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और फिर कार्रवाई करते हुए सर्विस लाइन को जब्त किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पुलिस ने धनराज सिंह की शिकायत पर आरोपित मनोज कुमार और यशवंत कुमार के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











