लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा! ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं से भरी बस, 27 घायल

लखीमपुर खीरी : जिले के उचौलिया क्षेत्र में बुधवार रात एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में 27 श्रद्धालु घायल हो गए. बस सीतापुर से मनौना धाम जा रही थी। उचौलिया इलाके में सड़क पर खड़े ट्रक से बस की टक्कर हो गई.
सीतापुर से श्रद्धालुओं को लेकर मनौना धाम जा रहा निजी बस लखीमपुर खीरी में हादसे का शिकार हो गई. बस सड़क पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई. हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ.हादसे में 27 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची उचौलिया थाना पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर में भर्ती कराया है, जहां पर सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है.
थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि बस में सवार 27 यात्री घायल हुए हैं। जिन्हें कई एंबुलेंस पर शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया.कुछ घायल सीएचसी पसगवां भी भेजे गए थे, जो बाद में शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिए गए. घायल सुशील (30 वर्ष) निवासी राजपुर रेउसा सीतापुर ने बताया कि बस में करीब 40 यात्री थे, जो मनौना धाम जा रहे थे वह चालक के पीछे वाली सीट पर वह बैठा था.हादसे के बाद वह नीचे जा गिरा.टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.











