पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ा एक्शन, ऑपरेशन प्रहार-2 में 72 घंटे में 3260 गिरफ्तार

पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर शुरू किए गए ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के दौरान राज्यभर में व्यापक छापेमारी कर हजारों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि 72 घंटे तक चले इस अभियान के दौरान वांछित अपराधियों से जुड़े 8278 ठिकानों पर दबिश दी गई। इस कार्रवाई में कुल 7,498 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 3,260 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में 135 फरार अपराधी भी शामिल हैं।
अभियान में 12,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की 2,000 से ज्यादा टीमों ने हिस्सा लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग जिलों में पहुंचकर कार्रवाई की निगरानी की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की और करीब 30 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
इसके अलावा 1,450 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया, जबकि 2,788 व्यक्तियों को जांच के बाद रिहा कर दिया गया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से सूचना देकर अभियान में सहयोग करें।
इसी दौरान नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 164 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 11.9 किलोग्राम हेरोइन, 344 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 4,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पिछले 347 दिनों में कुल 49,129 नशा तस्करों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। नशा मुक्ति और पुनर्वास कार्यक्रम के तहत 14 लोगों को उपचार के लिए तैयार किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।










