सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध खनिज परिवहन पर कड़ा प्रहार, दो ट्रेलर-ट्रक पत्थर सहित जब्त

सीधी: पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के सख्त निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं प्रभारी एसडीओपी कुसमी रवि प्रकाश कोल के पर्यवेक्षण में एवं थाना प्रभारी मझौली उनि विशाल शर्मा के नेतृत्व में जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मझौली पुलिस द्वारा एक प्रभावी एवं सराहनीय कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से पत्थर परिवहन कर रहे दो ट्रेलर ट्रकों को जप्त करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है.
थाना प्रभारी मझौली के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र भ्रमण एवं गश्त पर थी. इसी दौरान ग्राम चमराडोल के पास विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो ट्रेलर ट्रक अवैध रूप से पत्थर लोड कर मझौली से ब्योहारी की ओर परिवहन कर रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा निर्देश प्राप्त कर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर घेराबंदी की.
पुलिस टीम ने सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ दोनों संदिग्ध ट्रेलर ट्रकों को रोककर जांच की. पूछताछ में चालकों ने अपने नाम महमूद खान पिता अमीर खान, उम्र 56 वर्ष, निवासी जिला चितौड़गढ़ (राजस्थान) रफीक मोहम्मद मंसूरी पिता इस्माइल आजाद मंसूरी, उम्र 55 वर्ष, निवासी जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) बताए तथा वाहनों में पत्थर लोड कर परिवहन करना स्वीकार किया.
आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया धारा 303(2), 317(5), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत दण्डनीय पाया गया. पुलिस द्वारा मौके पर ही ट्रेलर ट्रक क्रमांक RJ 09 GD 3567 एवं RJ 27 GC 2694 को पत्थर सहित विधिवत जप्त किया जाकर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.











