इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की योजना बना रहे 4 शातिर चोर गिरफ्तार, औजार और नकदी बरामद

इटावा: जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार और नकदी भी बरामद की गई है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है. इसी क्रम में थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी और संदिग्ध व्यक्तियों तथा होटलों की जांच कर रही थी. तभी पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि रेलवे कॉलोनी स्थित पानी की टंकी की बाउंड्री के अंदर कुछ संदिग्ध लोग खड़े हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं.

सूचना मिलते ही थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया. पुलिस टीम ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद हुए. इनमें लोहे की रॉड, पेंचकस, प्लास, आरी का ब्लेड, टॉर्च, लोहे की छेनी, संडासी, लोहे का पाना, तीन हथौड़े, दो छुरे और एक छोटी रॉड शामिल हैं. इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल (रियलमी कंपनी) और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए.

इस पूरी कार्रवाई को थाना फ्रेण्ड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष अमित मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया. टीम में उपनिरीक्षक शंकरानंद, उपनिरीक्षक दीपक सिंह, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, उपनिरीक्षक भारत सिंह, कांस्टेबल राहुल, योगेश सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, सुनील कुमार, हेमराज और कुलदीप कुमार शामिल रहे.

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close