खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: खराब फलों की बिक्री पर सख्ती: भाटापारा में 280 किलो आम जब्त

बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भाटापारा और सिमगा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में खराब आम नष्ट कराए गए, वहीं बिना वैध लाइसेंस संचालित बेकरी पर भी कार्रवाई की गई।

फल दुकानों में मिली बड़ी लापरवाही

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भाटापारा नए बस स्टैंड स्थित हनुमान फल भंडार और महेश फ्रूट कम्पनी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान महेश फ्रूट कम्पनी में लगभग 280 किलोग्राम खराब आम पाए गए, जिन्हें तत्काल निगम की गाड़ी के माध्यम से नष्ट कराया गया।अधिकारियों ने सभी फल विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि खराब फल बिक्री के लिए न रखें और खराब फलों को अलग कर निगम के माध्यम से ही नष्टीकरण कराएं।

सिमगा की बेकरी में बिना तारीख वाली आईस कैंडी मिली

इसी अभियान के तहत टीम ने बिलासपुर रोड स्थित आशीर्वाद बेकरी, सिमगा का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां बिक्री के लिए बिना उत्पाद तिथि वाली आईस कैंडी का भंडारण पाया गया।खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जांच हेतु आईस कैंडी का नमूना लिया और फर्म के खिलाफ बिना वैध खाद्य लाइसेंस के व्यवसाय संचालित करने का प्रकरण भी दर्ज किया।

लगातार जारी रहेगा जांच अभियान

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने व्यापारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com