सूरजपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 65 लाख के नशे का जखीरा आग में खाक

सूरजपुर : जिले में पुलिस ने बुधवार, 18 फरवरी 2026 को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था पर अपनी सख्ती का स्पष्ट संकेत दिया है.एक ओर जहां मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की अहम कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया, वहीं दूसरी ओर धान चोरी के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया.

65 लाख के नशीले पदार्थों का नष्टीकरण
जिला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब 65 लाख रुपये कीमत के नशीले पदार्थों को नष्ट किया.पुलिस लाइन परिसर में बनाए गए अस्थायी भट्ठे में यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में संपन्न हुई.

इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरणों में जब्त 101.74 किलोग्राम गांजा, 753 गांजा पौधे, 103 टेबलेट, 778 इंजेक्शन, 98 कफ सिरप और 5920 कैप्सूल को नष्ट किया गया.

डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की अधिसूचना (23 दिसंबर 2022) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश (21 नवंबर 2024) के अनुरूप की गई। नष्टीकरण प्रक्रिया उनकी अध्यक्षता में पूरी हुई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, पर्यावरण एवं वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे.

पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे से बचाने और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा.

धान चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

वहीं थाना विश्रामपुर क्षेत्र में धान चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.ग्राम कुम्दा बस्ती निवासी रामबिलास राजवाड़े की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया, जिसमें बताया गया कि उसका बेटा डिगम्बर अपने साथी मुन्ना पैकरा के साथ मिलकर घर का ताला तोड़कर धान चोरी कर रहा था। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी धान लेकर फरार हो गए थे.

पुलिस ने विवेचना के दौरान दबिश देकर दोनों आरोपियों—डिगम्बर राजवाड़े (30 वर्ष) एवं मुन्ना पैकरा (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि वे दो बार में 8 बोरी धान चोरी कर चुके हैं.

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 8 बोरी धान, चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (CG 29 A 1618) और ताला तोड़ने का सरिया बरामद किया। जांच में यह भी सामने आया कि मुन्ना पैकरा क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और बाइक भी चोरी की थी।
⚖ सख्त संदेश: अपराधियों पर नहीं होगी नरमी
इन दोनों कार्रवाइयों के जरिए सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में
नशे के कारोबार पर सख्त प्रहार जारी रहेगा
चोरी और अन्य अपराधों में लिप्त आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा
पुलिस की इस सक्रियता से साफ है कि अब जिले में अपराध करने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com