बिहार में फिर से निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नगर परिषद के जेई रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर में निगरानी की टीम ने भ्रष्ट अधिकारियो पर कारवाई करते हुए एक और अधिकारी को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया हैं. निगरानी की टीम ने साहेबगंज नगर परिषद के बिजली विभाग के जेई अमन कुमार को 9 हजार रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया हैं. जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह लगातार तीसरे दिन की तीसरी बड़ी कामयाबी है.

जानकारी के अनुसार, साहेबगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या-12 निवासी राजकुमार तिवारी ने पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनके क्षेत्र में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य किया गया था, जिसके भुगतान और कागजी प्रक्रिया के एवज में कनीय अभियंता अमन कुमार 9,000 रुपए की मांग कर रहे थे.

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गुप्त जांच कराई. आरोप सही पाए जाने पर निगरानी की एक विशेष टीम गठित की गई. योजना के अनुसार, जैसे ही गुरुवार को अमन कुमार ने राजकुमार तिवारी से रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी टीम ने उन्हें दबोच लिया. टीम ने उनके पास से रिश्वत के पैसे बरामद कर लिए हैं. इस मामले में विभाग ने कांड संख्या-07/2026 दर्ज किया है.

मुजफ्फरपुर जिले में भ्रष्टाचार पर प्रहार का यह सिलसिला पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है, जिससे सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है. 17 फरवरी को प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया. 18 फरवरी को सदर थाने के दरोगा भास्कर कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया गया. वहीं आज साहेबगंज नगर परिषद के जेई अमन कुमार 9 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार हुए.

close