रायपुर में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 8 हाइवा वाहन जब्त

रायपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। जब्त किए गए वाहनों में रेत और बोल्डर का परिवहन किया जा रहा था।
दस्तावेज जांच में सामने आई अनियमितता
उप संचालक खनि प्रशासन राजेश मालवे और सहायक खनि अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में गठित टीम ने नारी, धमतरी और तुमगांव क्षेत्र से आने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान नारी और धमतरी क्षेत्र से रेत लेकर आ रहे 6 हाइवा तथा तुमगांव क्षेत्र से बोल्डर परिवहन कर रहे 2 हाइवा वाहनों को रोका गया।
चालक नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज
जांच के दौरान वाहन चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव में सभी वाहनों को अवैध खनिज परिवहन की श्रेणी में मानते हुए तत्काल जब्त कर लिया गया।
थानों की सुपुर्दगी में सौंपे गए वाहन
खनिज विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त किए गए वाहनों को उपरवारा थाना और माना थाना की सुपुर्दगी में सौंप दिया है। अधिकारियों के मुताबिक मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध उत्खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।











