पंजाब में गैंगस्टर्स पर बड़ा प्रहार, 72 घंटे में 5000 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार

पंजाब में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए “ऑपरेशन प्रहार-2” के तहत बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। इस अभियान में अब तक 5000 से अधिक गैंगस्टर और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जिलों में लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं।
यह 72 घंटे का विशेष अभियान पूरे प्रदेश में एक साथ चलाया गया, जिसमें छापेमारी, नाकाबंदी और सघन तलाशी अभियान शामिल रहा। डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में पंजाब पुलिस ने हाई-टेक नाकों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई और संवेदनशील इलाकों की घेराबंदी कर अपराधियों की गतिविधियों पर रोक लगाई।
इससे पहले जनवरी में चलाए गए पहले ऑपरेशन प्रहार के दौरान 3,256 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी और 69 अवैध हथियार बरामद किए गए थे। उस समय 12,000 से अधिक पुलिसकर्मी और 1,200 से ज्यादा टीमें एक साथ मैदान में उतरी थीं। यह पंजाब के इतिहास का सबसे बड़ा समन्वित पुलिस अभियान माना गया था।
ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत पिछले 20 दिनों में राज्यभर में 17,603 छापेमारी की गईं। इस दौरान 5,290 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, 128 हथियार जब्त किए गए और 344 घोषित भगोड़े अपराधियों को पकड़ा गया। इसके अलावा करीब 3,000 लोगों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई, जिससे अपराध नेटवर्क को कमजोर किया जा सके।
सरकार की कार्रवाई केवल गैंगस्टर्स तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा माफिया के खिलाफ भी लगातार अभियान जारी है। “युद्ध नशियां विरुद्ध” अभियान के तहत मार्च 2025 से अब तक 48,000 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 2,149 किलो हेरोइन बरामद की गई और लगभग 16 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई है। हजारों एफआईआर दर्ज कर सरकार ने अवैध नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है।
सरकार का कहना है कि उसकी नीति केवल अपराध के बाद कार्रवाई करने की नहीं, बल्कि पहले से रोकथाम करने की है। इसी रणनीति के तहत लगातार निगरानी, गश्त और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में अपराध दर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पहले जहां राज्य को नशा और अपराध से जोड़कर देखा जाता था, अब वही पंजाब सख्त कानून व्यवस्था का उदाहरण बनता जा रहा है। सरकार का दावा है कि स्पष्ट नीति, मजबूत नेतृत्व और जीरो टॉलरेंस की वजह से यह बदलाव संभव हुआ है।
राज्य सरकार का कहना है कि आने वाले समय में भी अपराध, गैंगस्टर और नशा माफिया के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके और युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके।











