रेलवे का बड़ा फैसला: रीवा-मुंबई स्पेशल ट्रेन अब 26 जून तक भरेगी उड़ान, 17 फेरे बढ़ाए गए

रीवा: विंध्य क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे प्रशासन ने रीवा से मुंबई (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस) के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि में विस्तार कर दिया है. अब यह ट्रेन 17 अतिरिक्त ट्रिप के लिए बढ़ाई गई है, जिससे यात्रियों को जून माह के अंत तक सफर की सुविधा मिलेगी.
सांसद के प्रयासों से मिला विस्तार बता दें कि इस ट्रेन के भविष्य को लेकर काफी समय से संशय बना हुआ था. पहले इसे केवल फरवरी माह तक चलाने की अनुमति मिली थी. यात्रियों की बढ़ती मांग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विशेषकर सांसद जनार्दन मिश्रा के प्रयासों के बाद रेलवे ने इस ट्रेन को 26 जून तक चलाने का निर्णय लिया है. इससे गर्मी की छुट्टियों में मुंबई जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
समय-सारणी और रूट यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 3:50 बजे रीवा स्टेशन से रवाना होती है और शुक्रवार को मुंबई पहुँचती है. वापसी में यह शुक्रवार को मुंबई से चलकर शनिवार को रीवा वापस आती है. सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, मनमाड़, नासिक और कल्याण.
रीवा और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और गंभीर बीमारियों के बेहतर इलाज के लिए मुंबई का रुख करते हैं. सीधी ट्रेन सेवा होने के कारण इसमें यात्रियों का दबाव हमेशा बना रहता है.











