राजस्थान : नागौर ,पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला ,नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा,

नागौर : विशेष न्यायालय (पोक्सो प्रकरण) नागौर ने एक संवेदनशील मामले में अहम फैसला सुनाते हुए आरोपी मोहम्मद रमजान को नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के अपराध में दोषी करार दिया है.न्यायालय ने साक्ष्यों, चिकित्सकीय रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य प्रमाणों का गहन परीक्षण करते हुए आरोपी को भारतीय दण्ड संहिता की धारा 376(3) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत दोषसिद्ध पाया.

कोर्ट ने अपने निर्णय में आरोपी को करीब 20 वर्ष के कठोर कारावास और अर्थदंड से दंडित किया.साथ ही पीड़िता के पुनर्वास और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उसे विधिक प्रावधानों के तहत प्रतिकर (कम्पनसेशन) देने के भी आदेश दिए गए.

प्रकरण के अनुसार आरोपी ने नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध किया था.सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मेडिकल साक्ष्य, पीड़िता के बयान, गवाहों के कथन और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्य एकत्रित कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर अभियोजन पक्ष ने अपना मामला मजबूत तरीके से रखा.

न्यायालय ने अपने फैसले में स्पष्ट कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध इस प्रकार के अपराध समाज की मूल संरचना को प्रभावित करते हैं और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की नरमी न्यायसंगत नहीं है.कोर्ट ने यह भी माना कि पीड़िता के बयान और चिकित्सा साक्ष्य पूरी तरह विश्वसनीय और एक-दूसरे के अनुरूप हैं, जिससे अभियोजन का मामला संदेह से परे सिद्ध हुआ.

साथ ही न्यायालय ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न निर्णयों का हवाला देते हुए कहा कि यदि नाबालिग पीड़िता का बयान सुसंगत और विश्वसनीय हो, तो उसके आधार पर भी दोषसिद्धि की जा सकती है.

इस मामले में परिवादी पक्ष की ओर से अधिवक्ता डॉ. पवन श्रीमाली ने प्रभावी पैरवी की.उन्होंने न्यायालय के समक्ष तथ्यात्मक और विधिक पक्ष को मजबूती से रखा, साक्ष्यों का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया और अभियोजन के पक्ष को सशक्त तरीके से स्थापित किया.

अधिवक्ता डॉ. पवन श्रीमाली ने कहा कि यह फैसला न्याय व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करता है.उन्होंने कहा कि नाबालिगों के साथ होने वाले अपराधों में सख्त सजा ही समाज में भय और न्याय का संतुलन बना सकती है.उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से पीड़िता को न्याय मिला है और यह अन्य मामलों में भी एक मजबूत संदेश देगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com