उत्तर प्रदेश: इटावा में यूपी बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, छात्र की जगह सगा भाई देता मिला हाईस्कूल की परीक्षा

इटावा: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा के दौरान इटावा जिले में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिला पंचायत उच्च माध्यमिक विद्यालय सरसईनावर स्थित परीक्षा केंद्र पर एक छात्र की जगह उसका सगा भाई परीक्षा देता हुआ पकड़ा गया. मामला बुधवार को प्रथम पाली में विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान उजागर हुआ.

बता दें बुधवार सुबह प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान का प्रश्नपत्र शुरू हुआ ही था कि परीक्षा केंद्र पर तैनात आंतरिक सचल दल को गोपनीय सूचना मिली कि एक परीक्षार्थी की जगह कोई दूसरा युवक बैठकर परीक्षा दे रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए सचल दल ने तत्काल संबंधित कक्ष में पहुंचकर सघन जांच की.

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि अभिषेक नामक पंजीकृत परीक्षार्थी की जगह उसका सगा भाई शरद पुत्र देवेंद्र कुमार परीक्षा दे रहा था. जब पहचान पत्र, प्रवेश पत्र एवं अन्य शैक्षिक दस्तावेजों का मिलान किया गया तो फर्जीवाड़े की पुष्टि हो गई. इसके बाद आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया.

पूछताछ में सामने आई पूरी सच्चाई
पकड़े गए युवक से की गई पूछताछ में सामने आया कि वह संत विवेकानंद इंटर कॉलेज, ऊसराहार में अध्ययनरत है और अपने भाई की जगह परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पर पहुंचा था. परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक द्वारा तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

2698 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
इसी दिन जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा के दौरान कुल 2698 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है.

प्रशासन सख्त, नकलविहीन परीक्षा का दावा
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसी भी छात्र को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने, नकल या किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com