ईरानी ड्रोन हमले से दुबई और अबू धाबी एयरपोर्ट प्रभावित, उड़ानों पर बड़ा असर

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के ड्रोन हमलों का असर संयुक्त अरब अमीरात के दुबई और अबू धाबी हवाई अड्डों पर भी देखा गया। सुरक्षा बलों ने ड्रोन को इंटरसेप्ट कर दिया, लेकिन उसके मलबे के गिरने से जानमाल का नुकसान हुआ और एयरपोर्ट संचालन भी प्रभावित हुआ।

अबू धाबी के जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक ईरानी ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि ड्रोन का मलबा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास भी ड्रोन हमले के बाद आसमान में धुएं का गुबार देखा गया। एयरपोर्ट के एक टर्मिनल को हल्का नुकसान पहुंचा और चार कर्मचारी घायल हो गए।

अबू धाबी में एतिहाद टावर्स के पास भी ड्रोन का मलबा गिरने से कुछ नुकसान की खबर सामने आई। वहीं दुबई में बुर्ज अल अरब के आसपास एक ड्रोन को रोकने के बाद मामूली आग लग गई थी, जिसे जल्द ही बुझा लिया गया। अबू धाबी के औद्योगिक क्षेत्र में भी ड्रोन के टुकड़े गिरने से पाकिस्तान और नेपाल के नागरिकों समेत छह लोग घायल हुए।

सुरक्षा कारणों से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अबू धाबी के जायद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन रोक दिया गया। इससे सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुईं और हजारों यात्री हवाई अड्डों पर फंस गए। कई विमानों को हवा में ही चक्कर लगाने पड़े या उन्हें अन्य सुरक्षित देशों के हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया।

कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द या पुनर्निर्धारित कर दी हैं। एमिरेट्स एयरलाइन ने भी सुरक्षा कारणों से कई उड़ानें रद्द की थीं, हालांकि बाद में सीमित स्तर पर संचालन फिर से शुरू किया गया। फिलहाल लगभग 60 प्रतिशत नेटवर्क के साथ धीरे-धीरे उड़ान सेवाएं बहाल की जा रही हैं। अधिकांश उड़ानों में 60 से 90 मिनट तक की देरी दर्ज की गई।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण पिछले दिनों से हवाई यात्रा पर व्यापक असर पड़ा है। 28 फरवरी से अब तक क्षेत्र के सात प्रमुख एयरपोर्ट्स से आने-जाने वाली 27,700 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जबकि करीब 51,600 उड़ानों पर किसी न किसी रूप में असर पड़ा है।

यूएई प्रशासन ने यात्रियों से आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ चेतावनी जारी की है। कई एयरलाइंस ने यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा भी दी है, ताकि प्रभावित यात्रियों को राहत मिल सके।

close