दीपक बैज का बड़ा बयान- CM आदिवासी नहीं, बनवासी हैं; बोले- ढालदास तो ट्रेलर है

बिलासपुर में कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बैज ने मुख्यमंत्री को आदिवासी मानने से इनकार करते हुए उन्हें ‘बनवासी’ बताया।
आदिवासी दिवस का जिक्र कर साधा निशाना
दीपक बैज ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री आदिवासी होते तो आदिवासी दिवस के दिन प्रदेशवासियों को बधाई देते। इसी बात को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
‘ढालदास तो ट्रेलर है’
भाजपा नेताओं के कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा करते हुए बैज ने कहा कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तो शुरुआत हुई है और आगे कई बड़े धमाके होंगे।
कांग्रेस में शामिल हुए धर्मगुरु बालदास के बड़े बेटे ढालदास का जिक्र करते हुए बैज ने कहा कि ‘ढालदास तो ट्रेलर है।’ हालांकि उन्होंने किसी अन्य भाजपा नेता का नाम नहीं बताया।
कांग्रेस छोड़कर BJP जाने वालों पर भी निशाना
बैज ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए ये नेता उनके साथ चलते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने और मौका देने की परंपरा है।
तीन दिन के मंथन को बताया ‘अमृत’
तीन दिवसीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर को लेकर बैज ने कहा कि इसमें आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि तीन दिन के मंथन में ‘विष की एक बूंद भी नहीं निकली, अमृत ही अमृत निकला।’ बैज के मुताबिक मास्टर ट्रेनर और ब्लॉक अध्यक्ष प्रशिक्षण लेकर अपने क्षेत्रों में जाएंगे और सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।
कोल ब्लॉक और शराब के मुद्दे पर सरकार को घेरा
दीपक बैज ने कोल ब्लॉक और प्रदेश की खनिज संपदा को लेकर भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ी लड़ाई लड़ेगी।
हाथी-मानव द्वंद्व और पर्यावरण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। वहीं शराब के मुद्दे पर बैज ने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग को लेकर आरोप लगाए और प्रदेश में शराब सिंडिकेट चलने का दावा किया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इस नेटवर्क का पैसा और कमीशन आखिर कहां तक पहुंच रहा है।
‘एक-एक कार्यकर्ता अर्जुन बनकर निकलेगा’
आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर बैज ने कहा कि कांग्रेस का रोडमैप तैयार है। किसान, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय निकायों की स्थिति जैसे मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को घेर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अर्जुन बनकर निकलेगा और उसका निशाना मछली की आंख पर होगा। बैज ने संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की बात कही।










