ऑपरेशन ईगल क्लॉ में पुलिस को बड़ी सफलता, 6 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 62 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कपूरी नहर के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में स्मैक लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम भगवान सिंह तंवर निवासी ग्राम बेदर, जिला राजगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 36 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित ने अपने दो अन्य साथियों बनवारी तंवर और रामलाल तंवर के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया। बनवारी तंवर के कब्जे से 26 ग्राम स्मैक जब्त की गई। इस प्रकार कुल 62 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 (बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में जानकारी जुटा रही है, ताकि अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।









