मऊगंज पुलिस की बड़ी सफलता… अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, इंदौर के फौजी की हत्या का भी खुलासा

मऊगंज। जिला पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए न केवल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, बल्कि एक ऐसे पुराने हत्याकांड का भी पर्दाफाश किया है जो अब तक पुलिस के लिए पहेली बना हुआ था। पुलिस ने दगडवा हत्याकांड के फरार आरोपी शिवम द्विवेदी उर्फ बाबा पंडित को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने इंदौर में एक रिटायर्ड फौजी की हत्या और लूट की बात भी कबूल कर ली है।
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी पति की हत्या की साजिश
घटना की शुरुआत 30 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब मऊगंज के डगडोआ में सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान सतना निवासी सुधीर दाहिया के रूप में हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश थी। हत्या की मास्टरमाइंड मृतक की पत्नी कंचन दाहिया थी, जिसका सतना निवासी दिनेश पटेल उर्फ गबरू के साथ प्रेम संबंध था। पति को रास्ते से हटाने के लिए कंचन ने अपने प्रेमी दिनेश के साथ मिलकर साजिश रची। दिनेश ने अपने दोस्त शिवम द्विवेदी के साथ मिलकर सुधीर को शराब पिलाने के बहाने सतना से रीवा बुलाया और नेशनल हाईवे 135 के पास उसकी बेरहमी से हत्या कर दी
साइबर सेल की मदद से दिल्ली से दबोचा गया फरार आरोपी
हत्याकांड के बाद से ही शिवम द्विवेदी (24 वर्ष), निवासी हनुमान नगर प्रयागराज, फरार चल रहा था। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन दिल्ली में ट्रेस की गई। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर दिल्ली भेजी गई, जहां से उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
इंदौर में रिटायर्ड फौजी को मारकर शव जलाने की बात कबूली
गिरफ्तारी के बाद जब मऊगंज पुलिस ने शिवम से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया।
इंदौर में रिटायर्ड फौजी को मारकर शव जलाने की बात कबूली
गिरफ्तारी के बाद जब मऊगंज पुलिस ने शिवम से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया। शिवम ने बताया कि उसने अक्टूबर माह में इंदौर के किशनगंज थाना क्षेत्र (राऊ हाईवे टोल के पास) में एक रिटायर्ड फौजी अनिल नेगी की हत्या की थी। आरोपियों ने न केवल फौजी की हत्या की, बल्कि साक्ष्य छुपाने के लिए उनके शव को जला दिया और उनकी बाइक लूटकर फरार हो गए थे। यह मामला लंबे समय से अनसुलझा था। लूटी गई बाइक पुलिस ने पहले ही एक अन्य आरोपी संजना सिंह के घर से बरामद कर ली थी, लेकिन उसका इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिया गया था।
हत्या की वजह और अब तक हुई गिरफ्तारियां
पुलिस जांच के अनुसार इंदौर में हुई हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला था। शिवम का इंदौर की एक युवती से संबंध था और उसे शक था कि रिटायर्ड फौजी उस युवती पर नजर रखते हैं। इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस अब तक मृतक की पत्नी कंचन दाहिया और आरोपियों को पनाह देने वाली महिला संजना सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी दिनेश पटेल अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी को पकड़ने वाली टीम के लिए इनाम की घोषणा की है।











