रायबरेली में बड़ी चोरी: छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश, अलमारी तोड़कर लाखों के गहने ले उड़े

रायबरेली: यूपी के रायबरेली जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के धन्नीपुर गांव में सुखेंद्र बहादुर सिंह के घर धावा बोलकर बदमाशों ने करीब 25 लाख रुपए का माल पार कर दिया है. चोरी गए सामान में सोने चांदी के जेवरात शामिल है. सुखेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर करीब 25 से 30 लाख रुपये का सोने चांदी का माल पार कर दिया है.
चोरी की घटना से गांव में हड़कंप व्याप्त है. घर के मुखिया सुखेंद्र सिंह ने बताया कि वह पत्नी के साथ नीचे घर में सो रहे थे. घर की पहली मंजिल पर उनकी बहू साधना सिंह का कमरा है. साधना सिंह लखीमपुर खीरी में सरकारी अध्यापक हैं. उनके सारे जेवर कमरे में ही अलमारी में बंद थे. उसी कमरे में चोरी की वारदात हुई है. इस समय वह लखीमपुर खीरी में ही है.
सुखेंद्र सिंह का कहना है कि बदमाश पहले छत पर चढ़े और बाद में जीने के पास बनी खिड़की की सरिया तोड़कर कमरे में घुस आए और कमरे में बंद ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने बताया कि बहू का सारा जेवरात कमरे के अंदर अलमारी में था. चोरों ने अलमारी को तोड़कर सारा माल पार कर दिया. चोरी गए माल में सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, मांग वेदी सहित अन्य कई प्रकार के जेवरात हैं.
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और चोरी की घटना का मौका मुआयना किया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके.











