बिहार: ननिहाल से लौट रहे बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त जख्मी

औरंगाबाद: अनियंत्रित स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, घटना गोह थाना क्षेत्र के दधपी गांव के पास एसएच -120 पर बुधवार देर रात हुई. मृतक की पहचान गया जिले के कोच थाना क्षेत्र अंतर्गत बढऔना गांव निवासी सुरीठ पासवान के 18 वर्षीय बेटे निखिल कुमार के रूप में की गई है. घायल युवक की पहचान उसी गांव के 20 वर्षीय सुमिरन कुमार के रूप में की गई है.
जानकारी के अनुसार, सुमिरन का ननिहाल देवहरा के समीप बिहटा गांव में है. बुधवार को गांव के ही राजेश यादव की बाइक लेकर निखिल और सुमिरन बिहटा गए थे. देर रात दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान दधपी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की पूरी
सूचना मिलते ही गोह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. वहां चिकित्सकों ने निखिल की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन उसे इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल गयाजी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. रात अधिक होने के कारण परिजन शव को घर ले गए. गुरुवार सुबह वे शव लेकर गोह थाना पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक के परिजनों ने बताया कि निखिल पांच भाइयों और तीन बहनों में चौथे स्थान पर था. उसकी अभी शादी नहीं हुई थी. वह अपने दोस्त सुमिरन के साथ सूरत की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था. होली के त्योहार को लेकर चार दिन पहले ही वह घर लौटा था. अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. हादसे में शामिल स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.











