बिहार: बांस काटते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आया ससुर-दामाद, एक की मौत; एक अस्पताल में भर्ती

औरंगाबाद: रफीगंज थानाक्षेत्र के खरांटी गांव में बिजली तार से झुलसकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए. मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के मस्तूल बारुण गांव निवासी अमित कुमार (38) है, जबकि घायल ससुर खरांटी गांव निवासी रामाधार ठाकुर है. रिश्ते में दोनों दामाद और ससुर है.

जानकारी के अनुसार, अमित अपने ससुर रामाधार के साथ घर के काम के लिए बांस काटने गया था. जहां बांस काट रहा था, वहां पास से 33 हजार केवीए का हाईटेंशन विद्युत का तार गुजरा हुआ है. बांस काटने के दौरान हरा बांस हाईटेंशन तार पर गिर गया. बांस हरा होने के कारण उसमें तुरंत करंट प्रवाहित हो गया और ससुर-दामाद चपेट में आ गए.

अस्पताल ले जाते समय अमित ने तोड़ा दम

घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों को विद्युत की चपेट से अलग किया और परिजनों को सूचना दी. आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए रफीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया. बताया जाता है कि सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में ही अमित ने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, रामाधार ठाकुर का इलाज चल रहा है.

पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से उठ गया साया

घटना को लेकर मृतक के चचेरे साला नागेंद्र ठाकुर ने बताया कि 2010 में अमित की शादी गीता देवी के साथ हुई थी. उनके 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं. पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया है. रामाधार ठाकुर की तीन बेटियां हैं. उनका कोई बेटा नहीं है. तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है. बेटा नहीं होने के कारण अमित ही अपने ससुराल की देखभाल करता था. उसकी पत्नी और बच्चे भी ससुराल में ही रहते थे. वह पिछले एक महीने से ससुराल में रह रहा था. 5 दिन पहले वह अपने पैतृक घर गया था और फिर वापस लौट आया था. चार भाई-बहनों में अमित सबसे छोटा था.

मृतक के आश्रितों के लिए मुआवजे की मांग

घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे. नगर थाना की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों के लिए मुआवजे की मांग की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com