उत्तर प्रदेश: लखीमपुर खीरी में निर्माणाधीन पुलिया के नीचे गिरी बाइक, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में कौड़ियाला घाट के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार तिकुनिया क्षेत्र के सूरतनगर टांडा निवासी सोनू पुत्र राजकुमार, अर्जुन पुत्र रामनरेश और मनोज पुत्र राजकरन बाइक से कौड़ियाला घाट की ओर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कौड़ियाला घाट के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी. हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन पहुंचाया गया। जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर त्रिभुवन सिंह ने मनोज पुत्र राजकरन को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल सोनू और अर्जुन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया गया.

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची निघासन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close