सीधी: ऑटो की टक्कर से बाइक सवार घायल, पडैनिया चक्की के पास हुआ हादसा

सीधी: जिले में एक तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई, जहां ऑटो चालक की लापरवाही के कारण ग्राम महराजपुर निवासी पुजेरीलाल मिश्रा दुर्घटना का शिकार हुए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फरियादी पुजेरीलाल मिश्रा (52) शनिवार सुबह लगभग 7 बजे अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 53 MF 4222) से सीधी से अपने घर महराजपुर जा रहे थे. दोपहर करीब 1:30 बजे जब वे पडेनिया चक्की के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक ऑटो (क्रमांक MP 33 ZB 7289) ने तेज गति और लापरवाही से उनकी बाइक को दाहिनी ओर मोड़ते हुए टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पुजेरीलाल मिश्रा सड़क पर गिर पड़े.
दुर्घटना में पुजेरीलाल मिश्रा को दाहिने पैर की एड़ी के ऊपर, घुटने के नीचे, जांघ और सीने में अंदरूनी चोटें आईं. मौके पर मौजूद संजय चतुर्वेदी (निवासी ग्राहिरा) ने घायल की मदद की और उन्हें जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि ऑटो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण कायम कर जांच शुरू कर दी है.











