रायपुर में ट्यूशन से लौट रही छात्रा से आईफोन की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार

रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्यूशन से लौट रही एक छात्रा से आईफोन लूटने का मामला सामने आया है। छात्रा टैगोर नगर इलाके से घर लौट रही थी, तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वल्लभ नगर निवासी मोह. याकूब गनी ने बताया कि उनकी बेटी अलफिया गनी 12 नवंबर की शाम करीब 6:35 से 6:45 बजे के बीच टैगोर नगर के पास ट्यूशन पढ़कर लौट रही थी। उसी दौरान पीछे से एक बाइक सवार युवक आया और हाथ में पकड़े आईफोन 13 को झपट्टा मारकर भाग निकला। छात्रा ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मोबाइल की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। छात्रा हमलावर की बाइक का नंबर या चेहरा नहीं देख पाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है और इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि फुटेज से आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। आसपास के इलाकों में पूछताछ भी की जा रही है ताकि बदमाश का सुराग मिल सके। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे वारदातों से सतर्क रहें और मोबाइल या कीमती सामान सड़क पर खुलकर न रखें।
इस घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। परिजन और आसपास के लोग अब पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











