भाजपा सांसद भोजराज नाग बोले – “अफसर फोन नहीं उठाएंगे तो काटेंगे नींबू”

छत्तीसगढ़ के कांकेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद भोजराज नाग ने एक बार फिर अपने बयान से सुर्खियां बटोरी हैं। धमतरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद नाग ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी कि अगर वे जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं देंगे और फोन नहीं उठाएंगे, तो “हम नींबू काटेंगे।” उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

सांसद भोजराज नाग बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने धमतरी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अधिकारियों को जनता की शिकायतों का समाधान करना चाहिए। अगर कोई अधिकारी जनता के फोन नहीं उठाएगा, तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “जो अफसर जनता से बात नहीं करेगा, उसकी रिपोर्ट हमें दें, हम सबके लिए नींबू काटेंगे।

भोजराज नाग ने इस मौके पर अवैध उत्खनन पर भी सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध रेत खनन होगा, वहां सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। सांसद ने चेताया कि जनता की समस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारी अब बख्शे नहीं जाएंगे।

यह पहला मौका नहीं है जब भोजराज नाग ने ऐसा बयान दिया है। इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि “जो अधिकारी सुधरेंगे नहीं, उनके ऊपर से भूत उतार दूंगा।” उन्होंने कई बार मंच से अफसरों को फटकार लगाई है और कहा है कि सरकारी व्यवस्था में सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

करीब दस महीने पहले भोजराज नाग एक ठेकेदार से फोन पर गाली-गलौज के मामले में भी विवादों में आए थे। उनका वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कह रहे थे, “मैं तेरा बाप बोल रहा हूं।” उस समय कांग्रेस ने उनकी कड़ी आलोचना की थी।

भोजराज नाग के ताजा बयान पर विपक्ष ने कहा है कि यह भाषा एक जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती, जबकि भाजपा समर्थकों का कहना है कि सांसद ने केवल जनता की आवाज को उठाने का काम किया है। फिलहाल, उनके “नींबू काटने” वाले बयान पर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।