मुंबई-नासिक हाईवे पर भाजपा सांसद की लग्जरी कार में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

लुंबाराम चौधरी की लग्जरी रेंज रोवर कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना मुंबई-नासिक हाईवे पर हुई, जहां समय रहते ड्राइवर की सतर्कता से सांसद और कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए। हालांकि आग लगने से करोड़ों रुपये की कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के सांसद लुंबाराम चौधरी नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए यात्रा कर रहे थे। कार को शाहापुर निवासी अनिल बाबन जाधव चला रहे थे। गोंदे फाटा क्षेत्र के पास पहुंचते ही ड्राइवर को वाहन से जलने की गंध महसूस हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया।
कुछ ही देर में कार में आग तेजी से फैल गई और उसने विकराल रूप ले लिया। ड्राइवर ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत सांसद और अन्य यात्रियों को वाहन से बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लग्जरी वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि लुंबाराम चौधरी राजस्थान के जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और रक्षा संबंधी संसदीय समिति के सदस्य भी हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











