कोरबा में राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस कार्यालय के सामने गाया ‘वंदे मातरम्’

कोरबा में 15 अगस्त के मौके पर राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान का आरोप लगाते हुए इसे राष्ट्रभावना से जुड़ा गंभीर विषय बताया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता टीपी नगर चौक पर जुटे और तिरंगा लेकर पदयात्रा निकाली।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। बारिश के बावजूद प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बनी रही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
कांग्रेस कार्यालय के सामने सामूहिक रूप से गाया वंदे मातरम्
भाजपा कार्यकर्ता पदयात्रा करते हुए जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान के सम्मान को देश की अस्मिता और गौरव से जोड़ते हुए कांग्रेस के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने किया।
भाजपा नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान देश की पहचान और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर स्वतंत्रता दिवस के दौरान कथित तौर पर राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति असम्मानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन किसी राजनीतिक द्वेष के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रसम्मान और राष्ट्रीय गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताने के लिए किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के शहीदों और महापुरुषों के बलिदान को याद करने का अवसर है। ऐसे मौके पर राष्ट्रगीत का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के कथित रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।











