‘स्थापना दिवस’ की तैयारियों के बीच बड़ा बयान: OBC रिपोर्ट के बाद होंगे चुनाव, गहलोत पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का तीखा हमला

डीडवाना-कुचामन: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच डीडवाना-कुचामन जिले के दौरे पर रहे. कुचामन सिटी के आदर्श महाविद्यालय में उन्होंने 6 अप्रैल से शुरू होने वाले भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान भाजपा नागौर देहात जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी और ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉक्टर राजाराम प्रजापति ने उनका स्वागत और सम्मान किया.
इस मौके पर जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबू लाल मारवाड़ा, निवर्तमान सभापति सुरेश सिखवाल, एडवोकेट राजेश गुर्जर, खेताराम सिसोदिया, डॉक्टर देवी लाल दादरवाल, डॉक्टर रजनी गावड़िया, सुनील चौधरी सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. दौरे के दौरान डीडवाना में भाजपा नेता गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दाधीच का भव्य स्वागत किया.
मुकेश दाधीच ने डीडवाना में भाजपा में प्रदेश मंत्री रही सरोज प्रजापत के निवास पर जाकर शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना दी. सरोज प्रजापत का पिछले दिनों निधन हो गया था. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच के डीडवाना कुचामन के दौरे पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत के दौरान उनका जोर संगठनात्मक मजबूती पर रहा, जबकि प्रेस वार्ता में उन्होंने साफ संकेत दिए कि राजस्थान में चुनाव की दिशा क्या रहने वाली है.
मीडिया से रूबरू हुए दाधीच ने कहा कि जैसे ही ओबीसी आयोग की रिपोर्ट सामने आएगी, उसके तुरंत बाद चुनाव करवा दिए जाएंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री के “वन स्टेट, वन इलेक्शन” फैसले की सराहना करते हुए इसे भविष्य में विवादों को खत्म करने वाला कदम बताया. उनके इस बयान को प्रदेश की आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.
![]()
भाजपा स्थापना दिवस को लेकर उन्होंने विस्तृत कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 6 अप्रैल को मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर स्थापना दिवस मनाया जाएगा. इसके बाद 7 से 10 अप्रैल तक सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे और 11-12 अप्रैल को “गांव चलो अभियान” के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान भी किया.
इसी दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग पारदर्शिता की बात करते हैं, उन्हें पहले अपने घर में झांकना चाहिए. कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आदर्शों की बातें केवल दिखावे तक सीमित हैं.
गहलोत पर तंज कसते हुए दाधीच ने कहा कि वे “इंतजार शास्त्र” की बात करते हैं, लेकिन अब जनता “डकार शास्त्र” का जवाब मांग रही है. जयपुर में चंदन के पेड़ों के गायब होने का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों अपराधों और पेपर लीक प्रकरणों का जवाब अभी तक जनता को नहीं मिला है.

दौरे के दौरान भाजपा नेता गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दाधीच का भव्य स्वागत किया अंतरराष्ट्रीय हालात पर बोलते हुए दाधीच ने कहा कि वैश्विक तनाव के बावजूद देश में गैस और तेल की कोई कमी नहीं है. उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है और ऐसे प्रयासों में नहीं आने वाली.
अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और यही वजह है कि कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से दूर है. इस दौरान भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा, ओम प्रकाश लील, तस्लीम आरिफ, परवीन पुरोहित, जहांगीर भांतिसहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहें.









