SIR प्रक्रिया पर BJP करेगी जनजागरण अभियान

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। इसको लेकर भाजपा ने राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को बैठक आयोजित की। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, संगठन महामंत्री पवन साय और एसआईआर टोली संयोजक अजय चंद्राकर सहित पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में कार्यशाला के माध्यम से नेताओं को SIR प्रक्रिया को जनजागरूकता अभियान की तरह चलाने के निर्देश दिए गए। महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि जैसे जीएसटी अभियान के माध्यम से जनता तक जानकारी पहुंचाई गई थी, उसी तरह एसआईआर का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एसआईआर को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रही है। ऐसे में भाजपा का लक्ष्य है कि लोगों को सही जानकारी दी जाए और फर्जी वोटिंग रोकने के लिए जनता को जागरूक किया जाए।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने आगे की कार्ययोजना बताते हुए कहा कि अगले 100 दिनों में प्रशिक्षित टोली प्रदेशभर में अभियान चलाएगी। भाजपा विधायक व एसआईआर प्रदेश संयोजक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह काम देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करेगा।

कार्यशाला में संभाग प्रभारियों और कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी भी तय की गई। रायपुर में अखिलेश सोनी, दुर्ग में अजय चंद्राकर, सरगुजा में डॉ. विजय शंकर मिश्रा, बस्तर में सौरभ सिंह और बिलासपुर में शिवरतन शर्मा को प्रभारी बनाया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com