रायपुर में Blinkit की डिलीवरी सेवा ठप: कम भुगतान और 16 घंटे ड्यूटी से परेशान डिलीवरी बॉयज़ ने की हड़ताल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में Blinkit कंपनी की सभी डिलीवरी सेवाएं बुधवार को पूरी तरह ठप रहीं। वजह रही डिलीवरी बॉयज़ की हड़ताल, जिन्होंने कंपनी प्रबंधन पर शोषण, मनमाना भुगतान और अनुचित कार्य नीति के आरोप लगाए हैं। हड़ताल के चलते शहरभर में Blinkit से ऑर्डर करने वाले ग्राहकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

डिलीवरी बॉयज़ का कहना है कि कंपनी ने उनके भुगतान दरों में अचानक भारी कटौती कर दी है। पहले जहां उन्हें 15 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से पेमेंट किया जाता था, वहीं अब यह घटाकर सिर्फ 7 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। उनका आरोप है कि कंपनी उनसे तय समय से कहीं अधिक, कभी-कभी 16 से 17 घंटे तक काम करवाती है, लेकिन ओवरटाइम का कोई भुगतान नहीं किया जाता।

प्रदर्शन कर रहे एक डिलीवरी एजेंट ने बताया कि Blinkit प्रबंधन लगातार 10 मिनट में ऑर्डर डिलीवरी का दबाव डालता है, जिससे एक्सीडेंट का खतरा बढ़ जाता है। कई डिलीवरी बॉयज़ ने कहा कि लगातार लंबे समय तक काम करने से वे शारीरिक और मानसिक रूप से थक चुके हैं।

डिलीवरी बॉयज़ यूनियन के मुताबिक रायपुर में करीब 700 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जातीं, वे काम पर नहीं लौटेंगे। यूनियन ने मांग की है कि पुरानी दरें बहाल की जाएं और कार्य घंटों को लेकर स्पष्ट नियम बनाए जाएं।

डिलीवरी एजेंटों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी ऐप पर दिखाए गए किलोमीटर और वास्तविक दूरी में फर्क करती है, जिससे उनकी कमाई और घट जाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि Blinkit के खिलाफ श्रम कानूनों के तहत जांच की जाए और कर्मचारियों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए।

फिलहाल, हड़ताल के कारण Blinkit की त्वरित डिलीवरी सेवा ठप है और ग्राहक ऑर्डर नहीं कर पा रहे हैं। हड़ताल जारी रहने पर इसका असर शहर के अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी देखने को मिल सकता है।

close