पेट्रोल पंप पर ‘खूनी’ मजाक, मामूली बहस के बाद युवक ने लाइटर से लगा दी आग, बाल-बाल बची कई जानें

राजधानी के बिरगांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल भरवाने पहुंचे दो युवकों में से एक ने लाइटर से आग लगा दी। गनीमत रही कि पंप कर्मचारियों की सतर्कता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इमरान कुरैशी सहित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार घटना बिरगांव स्थित एक पेट्रोल पंप की है। दो युवक बाइक से पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरकर सिगरेट जलाने लगा। उसके साथी ने उसे पेट्रोल पंप परिसर में सिगरेट न जलाने की समझाइश दी। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने हाथ में मौजूद लाइटर से पेट्रोल के पास आग लगा दी।
आग की लपटें उठते ही वहां मौजूद कर्मचारी घबरा गए। पेट्रोल डाल रहा कर्मचारी तुरंत पंप मशीन को नीचे फेंककर पीछे हट गया। इस दौरान आग की चिंगारी आरोपी युवक पर भी गिरी, जिससे वह घबराकर मौके से भाग निकला।

कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
आग फैलने से पहले ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशामक यंत्र का उपयोग किया और कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी। यदि थोड़ी भी देर होती तो टैंक या मशीन तक आग पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा विस्फोट और जान-माल का नुकसान संभव था। घटना के तुरंत बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
वीडियो वायरल, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद एक आरोपी की पहचान इमरान कुरैशी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ आगजनी व सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है

close