बिहार: नेशनल हाईवे पर मिला अज्ञात महिला का शव, दुर्घटना में मौत की आशंका

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
औरंगाबाद: अज्ञात महिला का शव नगर थाना की पुलिस ने बरामद किया है. मामला थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित जेके मोटल के समीप की है. जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह एनएच-19 स्थित उस जगह सड़क किनारे एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी. सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर पड़ी तो हाइवे पेट्रोलिंग की टीम को सूचना दी. सूचना पर पेट्रोलिंग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और महिला को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पता चला कि सड़क दुर्घटना में महिला की मौत होने की बात बताई जा रही है. हालांकि महिला कहां की है और कैसे घटना घटी. इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है. नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा अज्ञात महिला का शव सदर अस्पताल में रखे जाने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस की टीम को भेजा गया और शव का पोस्टमार्टम कराया गया. वैसे प्रथम दृष्टया दुर्घटना में मौत होना प्रतीत होता है.
महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को दी गई सूचना
कुछ लोगों द्वारा जानकारी मिली कि महिला आसपास के इलाकों में ही रहकर भीख मांग कर अपना जीवन यापन करती थी. महिला शिनाख्त नहीं हो सकी है. उन्होंने यह भी बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसका पता लगाया जा रहा है. ऐसा अनुमान जताया जा रहा है कि उसके साथ कोई भीख मांगने वाला परिवार होगा तो उसकी पहचान होने के बाद सौंप दिया जाएगा.
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर 72 घंटों के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखा जाएगा. पहचान न होने पर सरकारी प्रावधान के तहत अंतिम संस्कार करा दिया जाएगा.











