BREAKING : जगदलपुर केंद्रीय जेल में महिला बंदी ने लगाई फांसी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जगदलपुर, 3 जून। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने जेल के भीतर अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मृतका की पहचान दरभा क्षेत्र के चितापुर गांव निवासी जयमती बघेल के रूप में हुई है। वह करीब दो महीने से हत्या के एक मामले में न्यायिक हिरासत के तहत केंद्रीय जेल में बंद थी। बताया जा रहा है कि उस पर अपने ही चाचा की हत्या का आरोप था।

परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतका लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। आरोप है कि उसका चाचा लगातार उसे प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर उसने कथित तौर पर चाचा की हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था।

रविवार तड़के महिला बंदी के फांसी लगाने की सूचना मिलने पर जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जेल के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्य बिंदु:

  • जगदलपुर केंद्रीय जेल में महिला बंदी की मौत
  • चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका
  • मृतका जयमती बघेल हत्या के आरोप में जेल में थी बंद
  • घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप
  • सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर उठे सवाल
  • पुलिस मामले की जांच में जुटी

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com