बृहस्पति बोले- निपटो-निपटाओ के चक्कर में गई कांग्रेस सरकार:कहा- टीएस सिंहदेव अच्छे नेता, लेकिन दायरा सीमित; 22 विधायकों का टिकट काटना पड़ा भारी

छत्तीसगढ़ के पूर्व कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निपटो-निपटाओ के चक्कर में कांग्रेस की सरकार चली गई। दो बार रामानुजगंज के विधायक रहे बृहस्पति सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद मैने अनुभव किया कि कांग्रेस कभी भी बीजेपी से नहीं हारती, कांग्रेस के लोगों में आपस में निपटो-निपटाओ का खेल बंद हो जाए, तो सरकार तुरंत आ जाएगी।
बृहस्पति ने कहा कि टीएस सिंहदेव अच्छे नेता हैं, वे सोच तो छत्तीसगढ़ का नेता बनने का रखते हैं, लेकिन उनकी सोच सरगुजा संभाग से ऊपर नहीं उठ पाई।
बता दें कि बृहस्पति सिंह वर्तमान में कांग्रेस से निष्कासित हैं। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बृहस्पति सिंह की टिकट काट दी थी। बृहस्पति सिंह ने प्रदेश में कांग्रेस की हार के लिए उन्होंने कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा एवं पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को जिम्मेदार बताया था। इस बयान के बाद बृहस्पति सिंह को कांग्रेस ने 6 सालों के लिए निष्कासित कर दिया है।
राहुल गांधी के सामने रखा था पक्ष
बृहस्पति सिंह ने कहा कि 15 सालों तक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार रही। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के आदिवासी विधायकों को राहुल गांधी ने व्यक्तिगत चर्चा के लिए बुलाया था। प्रदेश में रमन सिंह की सरकार थी। उन्होंने पूछा कि ऐसा क्या है कि हम 15 सालों से छत्तीसगढ़ में चुनाव हार रहे हैं। हमने कहा कि आप अपने नेताओं को ठीक कर दीजिए।
राहुल गांधी के समक्ष कहा था कि छत्तीसगढ़ के जो सीनियर नेता हैं, उनको ठीक कर दीजिए। निपटो-निपटाओ की राजनीति खत्म कर दीजिए, सरकार आ जाएगी। जनता चाहती है कि सरकार बनें। एक मुख्यमंत्री की कुर्सी है और सभी वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, जो संभव नहीं है। इसके कारण एक-दूसरे के समर्थकों को हराना चाहते हैं।
22 विधायकों की टिकट काटने के कारण हारी कांग्रेस
पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने कहा कि पिछले चुनाव में 22 विधायकों की टिकट काटी गई थी। तत्कालीन वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के समक्ष कहा था कि 90 सीटों में 71 कांग्रेसी विधायक हैं। 22 विधायकों की टिकट काटने के कारण सरकार नहीं बनेगी।
TS बोले- अपने अनुभव पर दिया बयान, माफी नहीं मांगी
बृहस्पति सिंह के बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम TS सिंहदेव ने कहा कि बृहस्पति सिंह ने अपने अनुभव के आधार पर बयान दिया है। कम से कम मुझे अच्छा नेता तो कहा। सिंहदेव ने कहा कि बृहस्पति सिंह ने बयान दिया था कि मैं उनकी हत्या करना चाहता हूं, यह कदापि स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने विधानसभा में भी माफी नहीं मांगी। सिंहदेव ने कहा कि जिस परिवार के सदस्य सचिन सिंहदेव की उनके कारण मौत हुई है, वह स्वीकार कर ले तो बृहस्पति सिंह की कांग्रेस में वापसी पर मुझे कोई आपत्ति नहीं है।











