बजट 2026: किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है- मंत्री राकेश सचान

रायबरेली: शहर के एक होटल में आज बजट 2026 को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने की. मुख्य अतिथि राज्यमंत्री एवं रायबरेली प्रभारी राकेश सचान रहे.

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री राकेश सचान ने कहा कि बजट 2026 किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.

राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना

उन्होंने इसे जनकल्याणकारी और दूरदर्शी बताया और कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल और नगरीय विकास में बड़े निवेश का प्रावधान किया गया है, जिससे बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी. राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने बताया कि बजट में सुधार, विकास और वित्तीय अनुशासन इन तीनों को एक सूत्र में पिरोया गया है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार कर रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर सबसे बड़ा है, जिसमें 96 लाख इकाइयां कार्यरत हैं और लगभग दो करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है. बजट में 10 करोड़ रुपये की एसएमई विकास निधि स्थानीय उद्योगों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का अवसर देगी. 12 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक पूंजीगत व्यय से प्रदेश के शहरों का विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा.

योजनाएं, रोजगार और समृद्धि से जोड़कर प्रदेश के विकास में योगदान देंगी- राकेश सचान

राज्यमंत्री ने वाराणसी में इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए बताया कि वहां जलमार्ग के माध्यम से कार्गो मूवमेंट बढ़ाया जाएगा. उत्तर प्रदेश में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाए जा रहे हैं. इसके अलावा डेटा सेंटर हब, ग्रामीण उत्पादों की वैश्विक मार्केटिंग और छात्रावास जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेश के युवाओं और कारीगरों को मिलेगा. उन्होंने महिला सुरक्षा, पुरातात्विक स्थलों का संवर्धन, सेमीकंडक्टर पार्क और पर्यटन गाइड प्रशिक्षण जैसी पहलों का भी विवरण देते हुए कहा कि ये योजनाएं रोजगार और समृद्धि से जोड़कर प्रदेश के विकास में योगदान देंगी.

इस मौके पर सलोन विधायक अशोक कोरी,जगतपुर ब्लाक प्रमुख दल बहादुर सिंह,अपना दल के अध्यक्ष सतेंद्र पटेल सहित अन्य भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com