अमेठी: हाईवे से दिनदहाड़े कारोबारी का अपहरण, 10 लाख लेकर छोड़ा; लेन-देन विवाद की जांच में जुटी पुलिस

अमेठी: जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में सुबह हाईवे पर दिनदहाड़े एक कारोबारी के अपहरण की घटना से सनसनी फैल गई. बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में कारोबारी को अगवा कर लिया और परिजनों से फिरौती लेने के बाद शाम को छोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, कारोबारी रमन कुमार अग्रहरि उर्फ बबलू बच्चों को स्कूल छोड़कर भीखीपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान यूपी-36 ढाबे के पास पहले से घात लगाए कार सवार बदमाशों ने उनकी बोलेरो को रोक लिया. तमंचे के बल पर उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए.

पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और जूते-बेल्ट से मारपीट की. इसके बाद परिजनों को फोन कर फिरौती की मांग की गई. बताया जा रहा है कि करीब 10 लाख रुपये देने के बाद बदमाशों ने शाम के समय उन्हें छोड़ दिया. घटना के बाद पीड़ित सदमे में है और परिवार भयभीत है.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं. मुसाफिरखाना कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पीड़ित के बयानों में विरोधाभास है. मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.

close