दो गेंदों में 2 बार कैच, फिर भी आउट नहीं हुआ ये बल्लेबाज, MI vs RCB मैच में गजब हो गया

दो गेंदों में 2 बार कैच, फिर भी आउट नहीं हुआ ये बल्लेबाज,  MI vs RCB मैच में गजब हो गया

मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 के मुकाबले में जमकर रन बरसे. डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु ने जहां 240 रन बनाए तो वहीं 5 बार की चैंपियन मुंबई ने भी 200 से ज्यादा रन बनाए. दोनों ओर से जमकर चौके-छक्के बरसे. इस मैच के दौरान कई नाटकीय घटनाएं हुईं, जिसमें रोहित शर्मा का रिटायर्ड हर्ट होना चर्चा में रहा. मगर इसमें सबसे चौंकाने वाली घटना हुई जब एक ही बल्लेबाज का 2 बार कैच लपका गया और फिर भी वो बल्लेबाज नहीं हुआ.

वानखेडे स्टेडियम में रविवार 12 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में ये नजारा देखने को मिला. बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 240 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में मुंबई ने जोरदार जवाब देते हुए तेज शुरुआत की. मगर एक बार विकेट गिरने लगे तो रफ्तार पर ब्रेक भी लगती गई. इसके बाद तो टीम धीरे-धीरे जीत से दूर होती गई. आखिर में टीम की उम्मीदें शेरफेन रदरफोर्ड पर थीं, जो इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए थे.

आखिर बीच मैच में हुआ क्या?

रदरफोर्ड ने एक तूफानी पारी भी खेली और अर्धशतक जमाया लेकिन वहां तक पहुंचने से पहले ये ड्रामा हुआ. 16वें ओवर में रसिख सलाम चोट के कारण अपना ओवर पूरा नहीं कर सके और 5 गेंदों के बाद बाहर हो गए. उनका ओवर पूरा करने के लिए रोमारियो शेफर्ड आए. उस ओवर की आखिरी गेंद पर रदरफोर्ड ने हवा में ऊंचा शॉट खेल लिया और शेफर्ड ने खुद दौड़कर बेहतरीन कैच लिया.

मगर इससे पहले कि वो सेलिब्रेट कर पाते, अंपायर ने इसे नो-बॉल करार दिया और बेंगलुरु की खुशियां हवा हो गई. अगली ही गेंद पर फिर रदरफोर्ड ही क्रीज पर थे. उन्होंने फिर ऊंचा शॉट खेल दिया और एक बार फिर उनका कैच लपक लिया गया. मगर इस बार भी वो आउट नहीं हुए क्योंकि पिछली गेंद नो-बॉल होने के कारण ये गेंद फ्री-हिट थी. इसलिए इस कैच पर भी रदरफोर्ड आउट नहीं हुए.

रदरफोर्ड ने खेली धुआंदार पारी

इस तरह 2 बार कैच लपके जाने के बाद भी रदफोर्ड क्रीज पर जमे रहे. इसका फायदा भी उन्होंने उठाया और एक विस्फोटक पारी खेली. रदरफोर्ड ने आखिरकार 9 छक्के और 1 चौके की मदद से नाबाद 71 रन बनाए. इसका फायदा हालांकि टीम को नहीं पहुंचा क्योंकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और मैच हाथ से निकल चुका था.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com