छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लाएगी IPO: स्टॉक मार्केट में उतरने वाली बनेगी प्रदेश की पहली सरकारी कंपनी

छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना आईपीओ लाने की तैयारी में है। कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाने के लिए Initial Public Offering यानी IPO लॉन्च करने पर विचार कर रही है। यदि यह योजना सफल होती है, तो CSPTCL स्टॉक मार्केट में सूचीबद्ध होने वाली छत्तीसगढ़ सरकार की पहली ऐसी कंपनी बन जाएगी, जिसके शेयरों में ट्रेडिंग भी होगी।
उच्च स्तर पर चल रही तैयारी
कंपनी स्तर पर आईपीओ को लेकर उच्च स्तरीय चर्चा जारी है। CSPTCL के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी पावर कंपनियां पहले से ही स्टॉक मार्केट के जरिए निवेशकों से पूंजी जुटा रही हैं। केंद्र सरकार की कई ऊर्जा कंपनियां भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी के आईपीओ को लेकर शासन स्तर पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। कंपनी भविष्य की योजनाओं और विस्तार कार्यों के लिए पूंजी जुटाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
IPO से आम निवेशकों को मिलेगा मौका
आईपीओ आने के बाद कंपनी के शेयर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होंगे और निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों की कीमत में उतार-चढ़ाव होगा, जिससे उसका मार्केट कैपिटलाइजेशन भी प्रभावित होगा।
इसके साथ ही आम लोग भी कंपनी के हिस्सेदार बन सकेंगे। कंपनी को लाभ होने की स्थिति में निवेशकों को डिविडेंड का फायदा भी मिल सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और निवेशकों का दायरा भी बढ़ेगा।
पहले भी बॉन्ड के जरिए जुटाई गई थी पूंजी
इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटा चुकी है। वर्ष 2014-15 और 2015-16 में कंपनी ने बॉन्ड के माध्यम से फंड एकत्र किए थे।
अब CSPTCL आईपीओ के जरिए अपनी हिस्सेदारी का एक भाग आम निवेशकों के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इससे प्रदेश की सरकारी कंपनियों के लिए निवेश और वित्तीय प्रबंधन के नए रास्ते खुल सकते हैं।











