तिहरा हत्याकांड से दहला छत्तीसगढ़: पड़ोसी ने सोते हुए परिवार पर कुल्हाड़ी से किया हमला, 3 की मौत; दो की हालत नाजुक

सरगुजा/रायगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला से दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है. डोंगरीपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे कुमार साय सारथी का परिवार गहरी नींद में सो रहा था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला तुलसी दास सारथी कथित रूप से धारदार कुल्हाड़ी लेकर उनके घर में घुसा और सो रहे परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
कुल्हाड़ी के वार से राजेश सारथी, बुजुर्ग महिला मदो बाई सारथी और उनके नाती प्रशांत सारथी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. खून से लथपथ घर का दृश्य इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी. वहीं कुमार साय सारथी और उनकी बहू शकुंतला सारथी को गंभीर हालत में तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति रही थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा. तड़के हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग भयभीत हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जाएगी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या अचानक गुस्से में अंजाम दी गई. एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या और दो की जिंदगी-मौत के बीच जंग ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है. पूरे जिले की निगाहें अब पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस खौफनाक वारदात के पीछे असली कारण क्या था.











